जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे CM धामी, भावुक हुए मुख्यमंत्री

जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे CM धामी, भावुक हुए मुख्यमंत्री

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चे बेहद उत्साहित और खुश नजर आए। धामी ने बच्चों से बातचीत कर उनका हाल जाना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों के स्नेह और आत्मीयता के बीच मुख्यमंत्री भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के साथ बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर खुशी और उनका स्नेह उनके लिए जन्मदिन का सबसे खास और यादगार उपहार है।

धामी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर अपार प्रतिभा और संभावनाएं मौजूद हैं। समाज की जिम्मेदारी है कि दिव्यांग बच्चों को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा को सही अवसर और सहयोग मिलने पर वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने संस्थान के शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रयासों की भी सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे। बच्चों के बीच मनाया गया मुख्यमंत्री का यह जन्मदिन भावनात्मक और आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)