
दिल्ली पेट्रोल पंपों पर पीयूसी के लिए लंबी कतारें, वाहन चालक परेशान
दिल्ली इन दिनों जहरीली स्मॉग की मोटी चादर में लिपटी हुई है। हवा में घुला ज़हर लोगों की सांसों पर भारी पड़ रहा है और हालात ऐसे हैं कि खुले में सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण पर सख्ती और बढ़ा दी है। राजधानी में आज से केवल बीएस-6 मानक वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। साथ ही पेट्रोल पंपों पर बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) के ईंधन देने पर भी रोक लगाने का फैसला किया गया है। इस फैसले की खबर फैलते ही बुधवार सुबह से ही राजधानी के पेट्रोल पंपों पर पीयूसी जांच कराने वालों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। लोग सुबह-सुबह अपनी गाड़ियां लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचे ताकि नए नियमों के लागू होने से पहले पीयूसी बनवा सकें। हालांकि, यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी। कई पेट्रोल पंपों पर पीयूसी मशीनों के सर्वर डाउन हो गए, जिससे जांच प्रक्रिया बाधित हो गई। तकनीकी खामियों के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई वाहन चालक निराश होकर बिना पीयूसी जांच कराए लौट गए। हालात को काबू में रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पेट्रोल पंपों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा। कनॉट प्लेस, बाबा खड़क सिंह मार्ग, जनपथ, बाराखंबा रोड, धौला कुआं समेत दिल्ली के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर यही स्थिति देखने को मिली। लोग नियमों का पालन करना चाहते थे, लेकिन व्यवस्थागत कमियां उनके लिए बड़ी परेशानी बनकर सामने आईं।

