
साध्वी प्रेम बाईसा के मौत से पर्दा उठाएगी SIT, एसीपी छवि शर्मा की टीम खोलेगी एक-एक राज
कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत मामले में एसआईटी का गठन किया गया है. गठित एसआईटी का चीफ एसीपी छवि शर्मा को बनाया गया है. इसके अलावा एसआईटी टीम में बोरानाडा थानाधिकारी शकील और साइबर एक्सपर्ट को भी शामिल किया गया है.
सूत्रों का कहना है कि साध्वी प्रेम बाईसा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ जानकारी नहीं मिल पाई है. बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साध्वी के शरीर पर किसी तरह की चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. शरीर में जहर होने की भी पुष्टि नहीं हुई है. विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है. हालांकि अभी भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया है.
बता दें कि पिता और गुरु वीरमनाथ लगातार बयान दे रहे हैं कि कंपाउडर की ओर से डेक्सोना सूई लगने के बाद ही साध्वी प्रेम बाईसा निढाल हो गई थी. पूरे प्रक्ररण में वीरमनाथ पर भी शक की सूई घूमती दिख रही है. वीरमनाथ का एंबुलेंस लेने से मना करना, पहले पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं होना जैसे व्यवहार के चलते कई तरह के सवाल उठ रहे हैं.
साध्वी प्रेम बाईसा के समर्थकों का कहना है कि इस केस में कई पेच हैं. यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि केस को उलझाने के लिए कई तरह के खेल किए जा रहे हैं.
उधर, शुक्रवार को साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का मामला राजस्थान विधानसभा में भी उठा. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने केस की निष्पक्षता से जांच कराए जाने की मांग की. सरकार ने भरोसा दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
CATEGORIES Uncategorized

