शादी के 5 दिन बाद आर्मी जवान की मौत, दुल्‍हन की मेंहदी का रंग मिटा नहीं, तोड़नी पड़ीं चूड़ियां, पहनी सफेद साड़ी

शादी के 5 दिन बाद आर्मी जवान की मौत, दुल्‍हन की मेंहदी का रंग मिटा नहीं, तोड़नी पड़ीं चूड़ियां, पहनी सफेद साड़ी

पंजाब के तरनतारन जिले में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब DJ पर डांस कर रहे एक आर्मी जवान को गोली लग गई. यह दर्दनाक घटना तरनतारन के गांव मालमोहरी में हुई, जहां शादी समारोह के दौरान अचानक चली गोली से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन और मौजूद लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान गुरसेवक सिंह के रूप में हुई है, जो खडूर साहिब के निवासी थे और भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे. गुरसेवक की शादी महज पांच दिन पहले ही हुई थी. नई-नई शादी की खुशियों के बीच हुई इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. नवविवाहित पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह में DJ पर नाच-गाना चल रहा था और लोग खुशियां मना रहे थे. इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई और गुरसेवक सिंह जमीन पर गिर पड़े. शुरुआत में लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब जवान को खून से लथपथ देखा गया तो अफरा-तफरी मच गई. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान दो हथियार भी बरामद किए गए हैं. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोली किस परिस्थिति में चली और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे.

मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच

एसएसपी लांबा ने कहा कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील भी की है. इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों और सार्वजनिक आयोजनों में हथियारों की मौजूदगी और लापरवाही से होने वाली फायरिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अक्सर जश्न के दौरान हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आती हैं, जो कई बार जानलेवा साबित होती हैं. प्रशासन की ओर से ऐसे मामलों में सख्ती के बावजूद इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं.

गुरसेवक सिंह की असामयिक मौत से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा इलाका सदमे में है. सेना के जवान के रूप में देश की सेवा करने वाले गुरसेवक की जिंदगी शादी के कुछ ही दिनों बाद इस तरह खत्म हो जाना सभी को झकझोर देने वाला है. दुल्‍हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी उतरा भी नहीं था कि उन्‍हें सफेद लिबास पहनना पड़ा. हाथों में खनकती लाल-पीली चूड़ियों को तोड़ना पड़ा. परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. वहीं गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है.
CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)