
शादीशुदा युवक से संबंध का मामला, घर से जाने-आने के बाद युवक-युवती की मौत पर जांच जारी
गोंडा में प्रेमिका ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। वहीं, प्रेमी ने भी फंदा लगा लिया। 21 दिसंबर को दोनों घर से चले गए। 24 दिसंबर को बहराइच में मजिस्ट्रेट के समक्ष युवती ने प्रेमी के साथ रहने का बयान दिया। गुरुवार को दोनों ने खुदकुशी कर ली। यूपी के गोंडा जिले में गोंडा-लखनऊ रेलमार्ग पर पिपरी गांव के पास बृहस्पतिवार शाम एक युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। 100 मीटर की दूरी पर उसके प्रेमी ने पेड़ में फंदा बांधकर फांसी लगा ली। आरपीएफ की सूचना पर करनैलगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। युवक के पास मिले मोबाइल में खुदकुशी के पहले का युवक व युवती का एक वीडियो मिला। इस वीडियो में दोनों ने खुदकुशी की बात कही है।कौड़िया थाना क्षेत्र के बखरिया झाला गांव निवासी नीरज मौर्य (25) का बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गुलरिहा गांव की रहने वाली लक्ष्मी मौर्या (20) से पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों चोरी-छिपे एक-दूसरे से मिलते थे। करीब दो साल पहले इसकी जानकारी होने पर नीरज के परिजनों ने दूसरी युवती से उसकी शादी करा दी।

