
यहां लाश, वहां लाश, चारों तरफ खून… सहारनपुर में परिवार के 5 लोगों की हत्या पर चश्मदीद का खुलासा
सहारनपुर. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आज सुबह-सुबह हड़कंप मच गया. यहां एक ही परिवार के 5 लोगों की लाशें संदिग्ध हालत में मिलीं. जैसे ही ये खबर आग की तरह फैली इलाके में सनसनी मच गई. मरने वालों में दो नाबालिग भी हैं. पुलिस ने मौके से तीन पिस्टल भी बरामद की हैं. शुरुआती जांच में मौत का कारण गोली लगना बताया जा रहा है. आशंका जताई जा रही कि कलेश के चलते परिवार के मुखिया ने पहले घर के चारों लोगों को गोली मारी. फिर खुद भी गोली मार ली. हालांकि, अब सच्चाई पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही सामने आएगी. मगर, न्यूज 18 की टीम ने उस शख्स से घटना को और गहराई से जानना चाह, जिसने सबसे पहले इन शवों को देखा.
सबसे पहले जिसने देखा नजारा, उसने बताया सच
घटना सरसावा थाना क्षेत्र के कौशिक बिहार कॉलोनी की है. मृतकों की पहचान अशोक, अजिता, कार्तिक, विद्यावती और देव के रूप में हुई है. सुबह-सुबह जब इस बारे में जानकारी मिली की घर के लोग बाहर ही निकले हैं. तो सबसे जयवीर मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया, गेट अंदर से बंद थे. फिर मैंने साली के लड़के को फोन किया, तो वो आ गया. फिर हम छलांग लगाकर अंदर चले गए. वहां जो देखा उसे देखकर हैरान रह गए. अंदर पांचों के शव पड़े हुए थे. जगह-जगह खून पड़ा हुआ था. जैसे तैसे पुलिस को बुलाया. फिर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी.जब रिपोर्टर ने पूछा कि क्या वाकई गृह कलेश ही वजह है तो पड़ोसी ने कहा कि नहीं घर में तो कभी कोई लड़ाई झगड़ा होते नहीं देखा गया. मगर, वह दवाई तो खा रहे थे. चंडीगढ़ से दवाई लेकर आते थे. मानसिक रूप से बीमार यानी डिप्रेशन में तो थे. दवाई ले रहे थे. उन्होंने आगे बताया कि इनके परिवार में पांच लोग थे, जिनमें 2 छोटे बच्चे थे. उनकी उम्र 13 और 16 थी. वहीं, माता-पिता की उम्र 65 के करीब होगी. जबकि उनकी खुद की उम्र 40 साल के आसपास होगी.आगे बताया कि सारे गेट बंद थे, इसलिए कोई एंगल तो नहीं लग रहा है. गौरतलब है, जिस कमरे में शव मिले हैं, उन्हें सील कर दिया गया है. किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं है क्योंकि फोरेंसिक जांच की जाएगी. पूरी बारीकी से जांच की जाएगी. घटना के पीछे और कौन-कौन से पहलू हैं वह भी देखे जाएंगे.

