
भारत में जन्मी पुतुल खालिदा जिया: बेटों परवरिश से बांग्लादेश की प्रधानमंत्री बनने तक सफर
खालिदा जिया कौन थीं? उनके राजनीति में आने और इसमें बड़ा नाम बनाने की क्या कहानी है? खालिदा जिया की बांग्लादेश की सियासत में क्या भूमिका रही है? इसके अलावा बीते वर्षों में उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा? बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और प्रमुख राजनीतिक दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख खालिदा जिया का मंगलवार (30 दिसंबर) को निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार थीं। उनका ढाका स्थित एवरकेयर अस्पताल में इलाज चल रहा था। बीएनपी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, खालिदा ने सुबह छह बजे आखिरी सांस ली। ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर खालिदा जिया कौन थीं? उनके राजनीति में आने और इसमें बड़ा नाम बनाने की क्या कहानी है? खालिदा जिया की बांग्लादेश की सियासत में क्या भूमिका रही है? इसके अलावा बीते वर्षों में उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा?खालिदा जिया का जन्म 1945 में बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में स्थित दिनाजपुर में हुआ था। उनका परिवार फेनी से आता था और उनके पिता इस्कन्दर अली मजूमदार चाय के व्यापारी थे। उनका शुरुआती नाम खालिदा खानम ‘पुतुल’ था। पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर रहीं खालिदा जब दो साल की थीं, तभी उनका परिवार भारत के विभाजन के बाद पाकिस्तान के हिस्से में गए दिनाजपुर में बस गया। खालिदा का शुरुआती जीवन यहीं बीता। पहले मिशनरी स्कूल और फिर गवर्मेंट गर्ल्स हाईस्कूल से पढ़ाई पूरी करने के बाद 1960 में पाकिस्तानी सेना के अधिकारी और तत्कालीन कैप्टन जियाउर रहमान के साथ उनका निकाह कर दिया गया। इसके बाद उनका नाम हुआ खालिदा जिया रहमान।

