
*भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह व नपा चेयरमैन का अधिवक्ता संघ ने किया स्वागत,नगरपालिका व प्रशासन एवं बार एसोसिएशन की बीच हुआ करार*
*अधिवक्ताओं को वाहन पार्किंग स्थल की मिली सौगात,जाम की समस्या से मिली निजात*
*भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह व नपा चेयरमैन का अधिवक्ता संघ ने किया स्वागत,नगरपालिका व प्रशासन एवं बार एसोसिएशन की बीच हुआ करार*
*16 जनवरी से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन पार्क करने व शहर को जाम मुक्त करने का मुख्य अतिथि ने दिलाया संकल्प*
*शहर के बीचोंबीच प्रमुख स्थल पर इतनी बड़ी जमीन खोजने में विधायक व पूर्व मंत्री के प्रतिनिधि राजेश पांडेय की रही अहम भूमिका*
—————————————
सुलतानपुर। जिला न्यायालय के पास वाहन पार्किंग स्थल की सौगात मिलने पर अधिवक्ता संघ की तरफ से बुधवार को दीवानी सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बार अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह व महासचिव दिनेश कुमार दूबे ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह एवं नपा चेयरमैन प्रवीण कुमार अग्रवाल समेत अन्य को सम्मानित करने एवं उनके इस जनहित कार्य पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शामिल हुए सुलतानपुर विधायक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने अधिवक्ताओं को पार्किंग स्थल मिलने की बधाई देते हुए सभी से शहर को जाम मुक्त कराने का निरंतर प्रयास करने व निर्धारित स्थल पर वाहन खड़े करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने खासकर युवा अधिवक्ताओ से पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने में सहयोग करने की अपील करते हुए युवा दिलों की धड़कन कहे जाने वाले महासचिव दिनेश कुमार दूबे से विशेष अपेक्षा व्यक्त की है। इस दौरान मुख्य अतिथि ने कई सड़को के निर्माण व सरकारी योजनाओं से जिले की जनता को शीघ्र ही लाभान्वित करने का जिक्र किया,कई पुरानी यादों को भी ताजा किया। इस बड़ी सौगात से अब दीवानी न्यायालय के आस पास लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिल जाएगी। वाहन पार्किंग स्थल के लिए नगरपालिका परिषद,प्रशासन व बार एसोसिएशन के बीच लिखित करार भी हुए है।
*मकर संक्रांति के अवसर पर अधिवक्ताओ* को यह बड़ा तोहफा मिलने से अधिवक्ताओं व वादकारियों के दोपहिया व चारपहिया वाहनो का अब केशकुमारी राजकीय इंटर कालेज के पीछे (फैमिली कोर्ट के दक्षिण तरफ ) बने पार्किंग स्थल पर खड़े होंगे। पार्किंग स्थल का स्वामित्व नगर पालिका के पास रहेगा,फिलहाल बार एसोसिएशन पार्किंग स्थल के रूप में हुए करार के मुताबिक अपनी व्यवस्था के अनुसार इसका उपयोग पूरी तरीके से कर सकेंगे। इन्हीं सब बातों को लेकर एवं औपचारिक घोषणा व इस बड़े कार्य मे सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अफसरों व अन्य को सम्मानित करने व उनका आभार व्यक्त करने के लिए अधिवक्ता संघ की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपने सम्बोधन के दौरान मुख्य अतिथि विधायक विनोद सिंह ने शहर व जिलेवासियों को अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ-साथ उन्हें जाम से निजात दिलाना अपना प्रमुख मुद्दा बताया एवं कई अन्य बातों को भी ताजा करते हुए सार्वजनिक किया। सम्बोधन के दौरान उन्होंने पार्किंग स्थल से जुड़ी जमीन खोजने में उनके सबसे सक्रिय व विशेष प्रतिनिधि राजेश पाण्डेय का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या को खत्म करने के लिए वह लंबे समय से प्रयासरत रहे,लेकिन जमीन नहीं मिल रही थी,जमीन मिलने के बाद अधिवक्ता संघ की पैरवी एवं नगरपालिका व प्रशासन के समन्वय स्थापित कराकर सारी औपचारिकताएं पूरी हुई और इस कार्य मे सफलता मिली। उन्होंने कहा इस फैसले से लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन सुलभ होगा। शुक्रवार यानी 16 जनवरी से यह पार्किंग अधिवक्ताओं व आमजनो के लिए शुरू हो जाएगी। अधिवक्ताओं के लिए निशुल्क वाहन पार्क करने का ऐलान किया गया है,वहीं वादकारियों व आमजनों को निर्धारित शुल्क जमा करने की व्यवस्था बनाई गई है। बार अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह व महासचिव दिनेश कुमार दूबे ने कार्यक्रम में शामिल मुख्य अतिथि विधायक विनोद सिंह,नगर पालिका परिषद चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल,एडीएम -एफआर राकेश कुमार सिंह, अधिशाषी अधिकारी व अन्य सभी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं से 16 तारीख से पार्किंग स्थल पर ही अपने वाहन खड़े करने की अपील किया। बार एसोसिएशन महासचिव दिनेश कुमार दूबे ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद से ही लगातार अधिवक्ता हित व जाम से निजात दिलाने के इस कार्य के लिए वह प्रयासरत रहें, जिसमे सभी के सहयोग से सफलता मिली,उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिवक्ताओं व अन्य से शुक्रवार से अपने वाहन नवीन पार्किंग स्थल पर खड़े करने की बार-बार अपील किया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम शुक्ल,नरेंद्र बहादुर सिंह,रामविशाल तिवारी,पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र प्रताप सिंह,करुणा शंकर द्विवेदी,सभासद रमेश सिंह टिन्नू व बार पदाधिकारी हरिश्वर सिंह,राजेश शुक्ल,विजय पाण्डेय,ज्ञानेश्वर द्विवेदी,कुलदीप पाठक,पुष्पलता मौर्य,रेखा गुप्ता व अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

