‘बॉर्डर 2’ की बॉक्स ऑफिस पर सुनामी, पहले दिन 30 करोड़ की कमाई; कई फिल्मों के रिकॉर्ड ध्वस्त

‘बॉर्डर 2’ की बॉक्स ऑफिस पर सुनामी, पहले दिन 30 करोड़ की कमाई; कई फिल्मों के रिकॉर्ड ध्वस्त

साल 2026 की सबसे मच-अवेटेड फिल्मों में शामिल ‘बॉर्डर 2’ आखिरकार 23 जनवरी, शुक्रवार को गणतंत्र दिवस से पहले सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। देशभक्ति से भरपूर इस वॉर ड्रामा ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। जहां क्रिटिक्स ने फिल्म को शानदार रिव्यू दिए हैं, वहीं पहले दिन फिल्म देखने वाले दर्शकों ने भी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की है।

सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही जबरदस्त बज बना हुआ था। एडवांस बुकिंग में ही फिल्म ने 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी, जिससे इसकी मजबूत ओपनिंग के संकेत मिल चुके थे। रिलीज के दिन सुबह से ही देशभर के सिनेमाघरों के बाहर दर्शकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और थिएटर्स ‘बॉर्डर 2’ के नारों से गूंज उठे।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। हालांकि ये आंकड़े शुरुआती हैं और आधिकारिक आंकड़ों में मामूली बदलाव संभव है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की ओपनिंग बेहद धमाकेदार मानी जा रही है।

पहले दिन की इस कमाई के साथ ‘बॉर्डर 2’ ने एक-दो नहीं बल्कि करीब 22 फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सनी देओल के करियर की यह सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक बताई जा रही है। फिल्म को मिल रहे पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि वीकेंड पर इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिल सकता है।

खास बात यह है कि सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के चलते फिल्म को लॉन्ग वीकेंड का पूरा फायदा मिलने की उम्मीद है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि ‘बॉर्डर 2’ पहले वीकेंड में ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है और अगर रफ्तार ऐसी ही बनी रही, तो यह फिल्म 200 करोड़ के आंकड़े को भी छू सकती है।

फिल्म में सनी देओल लीड रोल में नजर आ रहे हैं, जबकि वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। फीमेल कलाकारों में मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा शामिल हैं। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की सीक्वल है। फिलहाल, बॉक्स ऑफिस पर हर किसी की नजरें ‘बॉर्डर 2’ की कमाई पर टिकी हुई हैं।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)