
पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, दो लापता; परिजनों ने शव रख हाईवे जाम किया
गाजीपुर जिले में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें एक युवक की हत्या कर उसका हाथ काटकर शव को बोरे में भरकर पोखरे में फेंक दिया गया। वहीं दो युवक लापता हैं। जिनकी तलाश जारी है। गाजीपुर जिले के गहमर कोतवाली के खेलूराय पट्टी में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। यहां वर्चस्व की लड़ाई में विक्की सिंह (23) की हत्या कर उसका शव पोखरे में फेंक दिया गया। जबकि पट्टी भीव राय निवासी अंकित सिंह (25) और पट्टी बाबू राम निवासी सौरभ सिंह (24) लापता हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। उधर घरवालों ने उनकी भी हत्या का आरोप लगाया है। हत्याकांड से आक्रोशित ग्रामीणों व पीड़ित परिजनों ने बृहस्पतिवार को मृत विक्की सिंह का शव चौकी पर कोतवाली के सामने रखकर एएनएच 124 सी मार्ग को जाम कर दिया है।गहमर खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह, अंकित सिंह और सौरभ सिंह रात करीब 11.30 बजे एक ही बाइक से खेलूराय पट्टी गए थे। इसी दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। आरोप है कि विक्की को बेरहमी से मारपीटकर उसकी हत्या कर शव को बोरे में भरकर पोखरे में फेंक दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस व एसओजी ने जब एक आरोपी को उठाया तब जाकर हत्याकांड का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने पोखरे से विक्की सिंह का शव बरामद किया।

