
एपल का बड़ा कदम: अब आईफोन से एंड्रॉयड पर डेटा ट्रांसफर हुआ और आसान
एपल ने आईओएस 26.3 अपडेट में एक बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव किया है। जिससे अब आईफोन से एंड्रॉयड फोन पर जाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। इन-बिल्ट टूल की मदद से यूजर्स बिना किसी थर्ड-पार्टी एप के चीजें एंड्रॉयड डिवाइस में ट्रांसफर कर सकते हैं , एपल ने आईओएस 26.3 अपडेट में चुपचाप एक ऐसा बदलाव किया है जो काफी चौंकाने वाला है। कंपनी ने अब आईफोन इकोसिस्टम को छोड़ना और एंड्रॉयड पर जाना पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है। इस अपडेट में एक इन-बिल्ट टूल जोड़ा गया है। ये आपको अपना डिजिटल डाटा एंड्रॉयड फोन पर ले जाने की सुविधा देता है। वह भी बिना किसी थर्ड-पार्टी एप या झंझट के।आईओएस 26.3 के साथ एपल की सुरक्षा दीवारें थोड़ी कम हो रही हैं। अब आप केवल आईफोन और एंड्रॉयड डिवाइस को एक-दूसरे के बगल में रखकर सीधे डाटा ट्रांसफर कर सकते हैं। जैसे ही फोन कनेक्ट होते हैं, एक नया विकल्प आता है। जो आपको अपनी महत्वपूर्ण चीजें जैसे फोटो, मैसेज, नोट्स, कॉन्टैक्ट्स, पासवर्ड, एप्स और यहां तक कि अपना फोन नंबर ट्रांसफर करने की अनुमति देता है।
यह पूरी प्रक्रिया वायरलेस है और इसके लिए किसी एप की जरूरत नहीं है। आपको बस एंड्रॉयड स्क्रीन पर दिख रहे QR कोड को स्कैन करना है या पेयरिंग कोड डालना है। इसके बाद डाटा ट्रांसफर शुरू हो जाएगा। इसके लिए दोनों फोन में लेटेस्ट सॉफ्टवेयर होना चाहिए और दोनों डिवाइस वाई-फाई और ब्लूटूथ से कनेक्ट होने चाहिए। एपल ने स्पष्ट किया है कि हेल्थ डाटा, ब्लूटूथ पेयरिंग और लॉक्ड नोट्स जैसी संवेदनशील जानकारी आईफोन पर ही रह जाएगी। आप इस फीचर को आईओएस 26.3 बीटा में यहां देख सकते हैं- सेटिंग्स > जनरल > ट्रांसफर या रिसेट आईफोन > ट्रांसफर टू एंड्रॉयड।

