उस्मान हादी की हत्या से बांग्लादेश में उबाल, बढ़ती हिंसा पर यूएन भी चिंतित

उस्मान हादी की हत्या से बांग्लादेश में उबाल, बढ़ती हिंसा पर यूएन भी चिंतित

उस्मान हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश में भारत विरोधी भावनाएं प्रबल हैं और हिंसा का दौर जारी है। हादी की हत्या का आरोप अवामी लीग के नेता पर लग रहा है, लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस पूरे मामले में असल में एक बड़ी साजिश हो सकती है। बांग्लादेश में कट्टरपंथी नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद से वहां भारत विरोधी भावना उफान पर है। बांग्लादेश के कट्टरपंथी उस्मान हादी को लेकर भारत पर आरोप लगा रहे हैं। साथ ही उनका कहना है कि हादी की हत्या का आरोपी फैसल करीम भी भारत में छिपा हुआ है। हालांकि बांग्लादेश की सरकार ही कह रही है कि फैसल करीम के भारत भागने के कोई सबूत नहीं हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उस्मान हादी की हत्या बांग्लादेश में इतना बड़ा मुद्दा क्यों बनी हुई है और इससे किसे फायदा है? बांग्लादेश की भू-राजनीति के जानकार और इस वक्त पेरिस में रह रहे नाहिद हेलाल ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में दावा किया है कि उस्मान हादी की हत्या से शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग या खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी को नहीं बल्कि जमात ए इस्लामी और बांग्लादेश की कट्टरपंथी जमात को फायदा हो सकता है। नाहिद ने लिखा, ‘उस्मान हादी की हत्या के बाद से जो हो रहा है, यही जमात ए इस्लामी के नेता और कट्टरपंथी वर्ग चाहता था। इससे कट्टरपंथियों को अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने, मीडिया संस्थानों को डराने और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं की हत्या और सबसे अहम बात चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने का मौका मिल गया है।’ बीएनपी की पूर्व सांसद निलोफर चौधरी मोनी ने एक बांग्लादेशी न्यूज चैनल पर पैनल चर्चा के दौरान भी दावा किया कि उस्मान हादी की हत्या से जमात ए इस्लामी को फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘उस्मान हादी की हत्या के आरोपी फैसल करीम की दो बार जमानत सुप्रीम कोर्ट के वकील और जमात ए इस्लामी के नेता शिशिर मनीर ने कराई थी। दूसरी बार जमानत तो उस्मान हादी की हत्या से कुछ महीने पहले ही कराई गई थी।’ विशेषज्ञों का कहना है कि बांग्लादेश में अस्थिरता, सांप्रदायिक तनाव, अराजकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में गड़बड़ी से सबसे ज्यादा फायदा कट्टरपंथियों को होगा। ऐसे में आशंका है कि उस्मान हादी की हत्या के पीछे कट्टरपंथी हो सकते हैं, जो हादी की हत्या का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)